Site icon www.4Pillar.news

कभी आर्मी में जाना चाहते थे आर माधवन,इस वजह से टूट गया था सपना फिर बने अभिनेता

कभी आर्मी जाना चाहते थे आर माधवन,इस वजह से टूट गया था सपना फिर बने अभिनेता

R Madhavan Turns 53: बॉलीवुड अभिनेता आर माधवन आज अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। फिल्मों में आने से पहले माधवन भारतीय सेना में नौकरी करना चाहते थे। लेकिन उनका ये सपना टूट गया और वे अभिनेता बन गए।

साउथ और बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाने वाले अभिनेता आर माधवन आज अपना 53वां बर्थडे सेलेब्रेट कर रहे हैं। आर माधवन ने अपने अभिनय के करियर में कई हिट फ़िल्में दी हैं। माधवन ने ‘रहना है तेरे दिल में’ फिल्म से ‘थ्री इडियट्स’ तक शानदार अभिनय किया है। आज अभिनेता का जन्मदिन हैं, आइये जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें।

आर्मी अफसर बनना चाहते थे माधवन

आर माधवन का पूरा नाम रंगनाथन माधवन है। उनका जन्म 1 जून 1970 को जमशेदपुर के एक तमिल परिवार में हुआ था। माधवन का बचपन बिहार में गुजरा है। उनके पिता टाटा स्टील में कर्मचारी थे। उनकी माता बैंक मैनेजर थी। माधवन ने जमशेदपुर के स्कूल से अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। वह बचपन से ही काफी मेहनती हैं। माधवन अपने स्कूल टाइम में एनसीसी कैडेट थे। वो भारतीय सेना में अफसर बनना चाहते थे।

कॉलेज के दिनों में माधवन को टॉप एनसीसी कैडेट चुना गया था। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने माधवन को इंग्लैंड टूर पर भेजा था। जहां उन्होंने रॉयल एयरफोर्स, रॉयल नेवी और ब्रिटिश रॉयल आर्मी में ट्रेनिंग ली। इंग्लैंड से वापस आने के बाद आर माधवन भारतीय सेना में भर्ती होना चाहते थे लेकिन 6 महीने उम्र कम होने के कारण उनका सिलेक्शन नहीं हो पाया। इसी के साथ उनका आर्मी में जाने का सपना टूट गया।

टीवी शो में नजर आए

जब माधवन भारतीय सेना में भर्ती नहीं हो पाए तो उन्होंने पब्लिक स्पीकिंग और पर्सनलिटी कोर्स कर टीचर बनने का फैसला लिया। इसी बीच उनका एक्टिंग की तरफ रुझान गया। उनको बड़े परदे पर तो मौका नहीं मिला लेकिन छोटे परदे पर मिल गया। उन्होंने ‘घर जमाई’ सी हॉक्स, ये कहां आ गए हम जैसे कई टीवी धारावाहिकों में रोल किए।

फ़िल्मी सफर

साल 1997 में आर माधवन को मणिरत्नम की फिल्म का ऑफर मिला। लेकिन स्क्रीन टेस्ट के बाद उनको मना कर दिया गया। इसके बाद आर माधवन ने मणिरत्म की फिल्म अलायीपुते से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया। इसके बाद माधवन ‘डुम्म डुम्म डुम्म’ फिल्म में नजर आए।

आर माधवन ने साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘रहना है तेरे दिल में’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म से ही माधवन को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में पहचान मिली। फिल्म के लिए उन्हें अवॉर्ड भी मिला। इसके बाद माधवन ने  काफी हिंदी फिल्मों में काम किया। साल 2010 में आमिर खान के साथ आई थी इडियट्स फिल्म में मैडी के अभिनय को बहुत पसंद किया गया। मैडी ने कंगना रनौत के साथ ‘तनु वेड्स मनु’ फिल्म में शानदार अभिनय किया। 2015 में इस फिल्म का सीक्वल भी बनाया गया। आज की तारीख में माधवन बॉलीवुड ही नहीं बल्कि साउथ सिनेमा पर भी छाए हुए हैं।

Exit mobile version