Site icon www.4Pillar.news

Punjab News: पंजाब में खुला ‘वुमन फ्रेंडली’ दारू का ठेका, विपक्ष के निशाने पर AAP

Punjab News: पंजाब में खुला 'वुमन फ्रेंडली' दारू का ठेका, विपक्ष के निशाने पर AAP

पंजाब के जालंधर शहर में महिला हितैषी शराब का ठेका खोले जाने पर विपक्ष ने  आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह वररिंग ने भगवंत मान सरकार को अड़े हाथों लिया है। कहा-अब सरकार लोगों की गृहस्थी भी उजाड़ना चाहती है।

पंजाब के जालंधर शहर के लंबा पिंड चौक पर महिलाओं के लिए ‘वुमन फ्रेंडली’ दारु का ठेका खोले जाने पर पंजाब सरकार विपक्ष के निशाने पर है। कांग्रेस और बीजेपी सहित विपक्षी दलों ने आप सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। पंजाब में महिलाओं के लिए अलग से शराब का ठेका खोलने की कोई पालिसी नहीं है। इस मामले को लेकर जब विवाद शुरू हुआ तो ठेके से बोर्ड को हटा दिया गया। विवाद के बाद पंजाब सरकार ने जांच आदेश दिए है।

अमरिंदर सिंह राजा का ट्वीट

राज्य के कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वररिंग ने एक ट्वीट कर पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने लिखा,” शर्मनाक! तीन महीने में पंजाब को नशा मुक्त करने का वादा करने वाली सरकार ने अब महिलाओं को भी नशे की लत लगाना शुरू कर दी है। नशे ने पंजाब की पीढ़ियों को निगल लिया है। अब महिलाओं के लिए शराब के ठेके खोलकर भगवंत मान सरकार क्या करना चाहती है। बदलाव का यह नया रूप बेहद खतरनाक है। इसके खतरनाक परिणाम होंगे।”

मामले में बढ़ता विवाद देखकर पंजाब सरकार ने ठेके से वुमन फ्रेंडली बोर्ड को हटवा दिया है। वहीं, ठेकेदार का कहना है कि शराब खरीदने के लिए आने वाली महिलाओं का कहना था कि पुरुष ठेके से शराब खरीदते समय उन्हें असहजता महसूस होती है। इसी वजह से ‘महिला हितैषी’ शराब के ठेके का बोर्ड लगाया गया था। जिसे अब हटा लिया गया है।

सरकार की सफाई

वुमन फ्रेंडली ठेके को लेकर आम आदमी पार्टी प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग का कहना है कि पंजाब में दूसरे ठेकों की तरह ये ठेका है। महिलाओं के लिए कोई अलग से ठेका नहीं खोला गया। ठेके पर वुमन फ्रेंडली क्यों लिखा गया, इस बारे में जांच की जाएगी।

Exit mobile version