ICC Champions Trophy 2027 की मेजबानी भारत को मिल गई है। ICC आधिकारिक तौर पर इस बात की घोषणा कर दी है। महिला चैंपियंस टॉफी अब भारत में खेली जाएगी।
ICC Champions Trophy 2027
भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा कर दी है कि आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 (ICC Women’s Champions Trophy 2027) की मेजबानी अब भारत करेगा। यह टूर्नामेंट का पहला ही संस्करण है, यानी भारत को इतिहास में पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने का सम्मान मिलने जा रहा है।
ICC Champions Trophy 2027 भारत में होगी
आईसीसी बोर्ड ने 1 सितंबर 2026 को भारत के नाम पर मुहर लगाई और 2 सितंबर 2026 को इसकी औपचारिक घोषणा कर दी गई। यह खबर भारतीय क्रिकेट प्रेमियों, खासकर महिला क्रिकेट के फैंस के लिए बेहद उत्साहजनक मानी जा रही है।
ICC Champions Trophy 2027 टूर्नामेंट शेड्यूल
आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 का आयोजन 14 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच होगा। मुकाबले दो शहरों में खेले जाएंगे:
- मुंबई : क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (सीसीआई) मैदान
- वडोदरा : वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
गौरतलब है कि मुंबई का ब्रेबॉर्न स्टेडियम (सीसीआई) दिसंबर 2022 के बाद पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी करेगा, जब भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज खेली थी। फाइनल मुकाबला 28 फरवरी को खेला जाएगा।
भारत को क्यों मिली मेजबानी? श्रीलंका से क्यों छिना टूर्नामेंट
दिलचस्प बात यह है कि यह टूर्नामेंट पहले श्रीलंका में होना तय था। लेकिन आईसीसी की जुलाई 2026 की वार्षिक बैठक में तय किए गए सुधारों (Governance Reforms) को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड पूरी तरह लागू नहीं कर पाया। जिसके चलते आईसीसी ने टूर्नामेंट की मेजबानी वहां से हटाने का फैसला लिया।
मेजबानी के लिए आईसीसी ने तीन देशों का आकलन किया – बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ्रीका। अंत में भारत को सबसे उपयुक्त विकल्प के तौर पर चुना गया और आईसीसी बोर्ड ने इस सिफारिश को मंजूरी दे दी। हालांकि श्रीलंका की टीम इस टूर्नामेंट में एक प्रतिभागी देश के तौर पर बनी रहेगी।
कौन-कौन सी टीमें खेलेंगी ICC Champions Trophy 2027?
इस पहले संस्करण में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी:
- भारत
- ऑस्ट्रेलिया
- इंग्लैंड
- न्यूजीलैंड
- दक्षिण अफ्रीका
- श्रीलंका
इन टीमों का चयन 6 जुलाई 2026 तक की आईसीसी महिला टी20आई रैंकिंग के आधार पर किया गया है। भारत मौजूदा महिला वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन है, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने जुलाई 2026 में इंग्लैंड में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया था। ऐसे में इन दोनों टीमों को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
ICC Champions Trophy टूर्नामेंट का फॉर्मेट कैसा होगा?
आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 टी20 फॉर्मेट में खेली जाएगी। सभी छह टीमें राउंड-रॉबिन लीग चरण में एक-दूसरे से एक बार भिड़ेंगी। लीग स्टेज के बाद पॉइंट्स टेबल में शीर्ष दो टीमें 28 फरवरी को फाइनल में आमने-सामने होंगी।
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने क्या कहा?
आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इस घोषणा को महिला क्रिकेट के लिए एक नया अध्याय बताते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट दुनिया की बेहतरीन टीमों को एक रोमांचक और उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा में साथ लाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर साल एक बड़े महिला आईसीसी इवेंट के आयोजन से महिला क्रिकेट को एक स्थिर लय मिलेगी, जिससे टीमों को रैंकिंग के जरिए आगे बढ़ने और वैश्विक मंच पर जगह बनाने का बेहतर मौका मिलेगा।
भारत के लिए क्यों है यह बड़ी बात?
पिछले कुछ वर्षों में भारत महिला क्रिकेट के सबसे बड़े आयोजनों का केंद्र बनता जा रहा है। इससे पहले भारत 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी कर चुका है, जिसमें भारतीय टीम ने खिताब भी जीता था। अब चैंपियंस ट्रॉफी 2027 जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने से भारत में महिला क्रिकेट के इन्फ्रास्ट्रक्चर, दर्शकों की दिलचस्पी और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।
फिलहाल आईसीसी की तरफ से पूरा शेड्यूल और टिकट से जुड़ी जानकारी बाद में साझा की जाएगी। जैसे-जैसे टूर्नामेंट की तारीख नजदीक आएगी, फैंस को मैच शेड्यूल, टिकट बुकिंग और टीम स्क्वॉड जैसी जानकारियां चरणबद्ध तरीके से मिलती रहेंगी।
- ये भी पढ़ें :

