LoC KG Sector: पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश के दौरान लैंडमाइन ब्लास्ट में लश्कर के टॉप कमांडर मोहम्मद फैजान समेत 4 आतंकी मारे गए। सुरक्षा बल अलर्ट।
LoC KG Sector में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, 4 आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक और घुसपैठ की कोशिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। सोमवार दोपहर कृष्णा घाटी (KG) सेक्टर के नंगी टेकरी इलाके में आतंकियों का एक समूह भारतीय इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था। तभी एंटी इन्फिल्ट्रेशन ग्रिड के तहत बिछाई गई लैंडमाइन में जोरदार धमाका हो गया। इस ब्लास्ट में लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर मोहम्मद फैजान समेत चार आतंकी मौके पर ही मारे गए।
LoC KG Sector में मारे गए आतंकियों की पहचान
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मारे गए आतंकियों की पहचान मोहम्मद फैजान, मोहम्मद इश्तियाक, मोहम्मद वकास और मोहम्मद आसिम के रूप में हुई है। ये सभी पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) के पुंछ जिले की हजीरा तहसील के मंडला-मदारपुर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। मोहम्मद फैजान को लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ कमांडर माना जाता था।
भारतीय सेना के बारूदी जाल में ऐसे फंसे आतंकी
घटना सतवाल-नाकी इलाके के पास हुई, जो पारंपरिक घुसपैठ मार्ग के रूप में जाना जाता है। सुरक्षा अधिकारी बताते हैं कि LoC के आगे के इलाकों में एंटी इन्फिल्ट्रेशन ऑब्स्टकल सिस्टम के तहत बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं। आतंकियों का समूह इन्हीं सुरंगों में फंस गया और धमाके में चारों की मौत हो गई।
LoC KG Sector में एलर्ट
इस घटना के बाद पूरे सेक्टर में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों ने निगरानी बढ़ा दी है। गश्त तेज कर दी गई है और ड्रोन समेत आधुनिक उपकरणों से इलाके की जांच चल रही है। कोई और घुसपैठ की कोशिश न हो, इसके लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
इससे पहले भी इसी सेक्टर में संदिग्ध धमाके की खबर आई थी। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार से आतंकियों को भेजने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन भारतीय सेना की मजबूत व्यवस्था के कारण ऐसी कोशिशें अक्सर नाकाम हो जाती हैं।
एंटी इन्फिल्ट्रेशन ग्रिड और लैंडमाइन सिस्टम ने एक बार फिर घुसपैठियों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सुरक्षा एजेंसियां आगे की जांच कर रही हैं और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

