पुलिस एनकाउंटर में मारा गया ट्रेन में महिला पुलिसकर्मी पर हमला करने वाला अनीस खान, दो आरोपी गिरफ्तार
Anees Khan: अयोध्या में हुई मुठभेड़ में महिला पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी अनीस खान मारा गया है। उसके दो साथियों को इनायतनगर में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
Anees Khan पुलिस एनकाउंटर में मारा
सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमला करने का मुख्य आरोपी अनीस खान पुलिस और एसटीएफ के साथ हुए एनकाउंटर में मारा गया है। उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उत्तर प्रदेश एसटीएफ और अयोध्या पुलिस ने एक साझा ऑपरेशन में मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को मार गिराया है।
इस एनकाउंटर में एक एसओ रत्न शर्मा और दो सिपाही घायल हो गए हैं। ये एनकाउंटर पूराकलंदर के छत्रीवा पारा कैल रोड पर हुई।
बता दें, अयोध्या में सावन मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस कर्मी पर सरयू एक्सप्रेस में जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले की तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।
एनकाउंटर की जानकारी देते हुए एसएसपी अयोध्या राजकरण नैय्यर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया ,” एक महिला सिपाही को गंभीर रूप से घायल करने की वारदात हुई थी। पीड़िता को आरोपियों की फोटोज दिखाकर पहचान कराई गई। इसी आधार पर इनायतनगर पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में छापेमारी की गई। इसी दौरान आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर में दो अभियुक्त घायल हो गए थे।
उन्हें गिरफ्तार किया गया। तीसरा अभियुक्त भागने की कोशिश कर रहा था। उसे फिर से पकड़ने की कोशिश की गई। वह पुलिस पर फायरिंग कर रहा था। तभी जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक आरोपी का नाम अनीस खान है। पकड़े गए आरोपियों के नाम आजाद और विशंभर दयाल हैं। दोनों का इलाज चल रहा है। ”
क्या है मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दिन अनीस खान महिला पुलिस कर्मी से छेड़खानी करने की कोशिश कर रहा था। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसे पटक दिया। महिला सिपाही का सिर ट्रेन की खिड़की से मारा गया। जिसके बाद महिला कांस्टेबल घायल हो गई। तीनो आरोपी ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही उतरकर फरार हो गए थे।