Ashutosh Dixit 31 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे। जानें आशुतोष दीक्षित का करियर, अनुभव और आगे की चुनौतियां।
Air Marshal Ashutosh Dixit होंगे नए वायुसेना प्रमुख
भारतीय वायुसेना को जल्द ही नया सेनापति मिलने जा रहा है। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित देश के 29वें वायुसेना प्रमुख (Chief of the Air Staff) के रूप में 31 अक्टूबर को कार्यभार संभालेंगे। वे मौजूदा प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह की जगह लेंगे, जो इसी महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
यह खबर वायुसेना के लिए सिर्फ एक नियुक्ति भर नहीं है। यह ऐसे समय में आई है, जब सेना की तीनों शाखाएं आपसी तालमेल, यानी जॉइंटनेस और इंटीग्रेशन, को नई ऊंचाई देने में जुटी हैं।
Air Marshal Ashutosh Dixi कौन हैं?
आशुतोष दीक्षित का जन्म 9 दिसंबर 1966 को हुआ था। 6 दिसंबर 1986 को उन्हें भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला। लगभग चार दशक के सेवा काल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पद संभाले हैं। इनमें सेंट्रल एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के चीफ (CISC) और हाल में वाइस चीफ ऑफ द एयर स्टाफ शामिल हैं।
वह एक अनुभवी फाइटर पायलट हैं। उनके पास मिराज-2000, मिग के विभिन्न संस्करण, किरण, जगुआर, आईएल-78, हॉक और स्वदेशी तेजस सहित कई विमानों पर 3,500 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव है। वह एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं।
Air Marshal Ashutosh Dixi का करियर
करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण अभियानों में हिस्सा लिया। इनमें कारगिल युद्ध के दौरान ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक और हालिया ऑपरेशन सिंदूर शामिल हैं। उन्होंने मिराज-2000 स्क्वाड्रन की कमान भी संभाली है। पश्चिमी क्षेत्र के एक फ्रंटलाइन फाइटर एयरबेस और दक्षिणी क्षेत्र के एक प्रमुख फाइटर ट्रेनिंग बेस के कमांडर भी रह चुके हैं।
Air Marshal Ashutosh Dixi के पुरस्कार
नेशनल डिफेंस अकादमी, बांग्लादेश के डिफेंस सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज के पूर्व छात्र आशुतोष दीक्षित को कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिल चुके हैं। इनमें परम विशिष्ट सेवा पदक (2026), अति विशिष्ट सेवा पदक (2023), वायु सेना पदक (2006) और विशिष्ट सेवा पदक (2011) शामिल हैं।
Air Marshal Ashutosh Dixi का चार दशक का सफर
चार दशक के करियर में दीक्षित कई अहम पदों पर रहे हैं। वे सदर्न एयर कमांड में एयर डिफेंस कमांडर और एयर हेडक्वार्टर में असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (प्रोजेक्ट्स और प्लान्स) रहे। इसके अलावा उन्होंने डिप्टी चीफ ऑफ एयर स्टाफ और सेंट्रल एयर कमांड (प्रयागराज) के प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाली।
उनकी नियुक्ति को वायुसेना के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्वदेशी विमान कार्यक्रमों, खासकर तेजस, से जुड़े उनके अनुभव को भविष्य में और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रक्षा मंत्रालय ने इस नियुक्ति की जानकारी देते हुए उनके लंबे अनुभव और समर्पण को रेखांकित किया है। आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर को औपचारिक रूप से वायुसेना की कमान संभालेंगे।

