Deepti Sharma’s historic feat: भारतीय टीम की अनुभवी आलराउंडर दीप्ति शर्मा ने एशिया कप के पहले मैच में इतिहास रच दिया। दीप्ति ने थाईलैंड के खिलाफ विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।
Deepti Sharma’s historic feat
टीम इंडिया की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ती शर्मा ने महिला एशिया कप 2026 के पहले ही मैच में इतिहास रच दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में थाईलैंड के खिलाफ खेले गए ग्रुप ए मुकाबले में उन्होंने ऐसा प्रदर्शन किया जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
Deepti Sharma बनीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज
दीप्ती ने अपने करियर का 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला और महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। उन्होंने महज 1.1 ओवर (सात गेंद) में बिना एक भी रन दिए तीन विकेट झटके। इस स्पेल के साथ उनके टी20आई विकेट का आंकड़ा 171 पहुंच गया। इससे पहले थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग के नाम 170 विकेट थे। दीप्ती अब इस सूची में सबसे ऊपर हैं।
Deepti Sharma: टी20आई मैच
यह उनके लिए दोहरी खुशी का दिन था। 150 टी20आई मैच खेलने वाली वह भारत की तीसरी महिला क्रिकेटर बन गईं। इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना हासिल कर चुकी हैं। दुनिया भर में यह मुकाम हासिल करने वाली वह 12वीं महिला खिलाड़ी हैं।
भारत बनाम थाईलैंड मैच
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 36 गेंद में 64 रनों की तूफानी पारी खेली जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे। बाद में टीम को कुछ झटके लगे और स्कोर 159/9 पर सिमट गया।
भारतीय गेंदबाजों का जलवा
थाईलैंड की पारी शुरू होते ही भारतीय गेंदबाजों ने शिकंजा कस दिया। नंदनी शर्मा ने तीन विकेट लिए। दीप्ती शर्मा ने नौवें ओवर में दो विकेट चटकाए और थाईलैंड को 44/6 पर पहुंचा दिया। 17वें ओवर में वापस आकर उन्होंने पहली ही गेंद पर नन्नापत कोनचारोएनकाई को आउट कर तीन विकेट पूरे कर लिए। थाईलैंड सिर्फ 65 रन पर ऑल आउट हो गया। भारत ने 94 रनों से शानदार जीत दर्ज की।
दीप्ती का 3/0 का आंकड़ा महिला टी20आई में किसी भारतीय गेंदबाज द्वारा तीन या उससे ज्यादा विकेट लेने का सबसे किफायती प्रदर्शन भी बन गया। इससे पहले रेणुका सिंह का 3/5 का रिकॉर्ड था।
दीप्ति शर्मा का क्रिकेट सफर
आगरा की रहने वाली दीप्ती शर्मा लंबे समय से भारतीय महिला टीम की रीढ़ मानी जाती रही हैं। ऑफ स्पिन गेंदबाजी और बाएं हाथ की बल्लेबाजी से उन्होंने कई बड़े मौकों पर टीम को संभाला है। एशिया कप में भी उनका रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है। पिछले दो संस्करणों में वे लीडिंग विकेट टेकर रहीं थीं।
इस उपलब्धि के साथ दीप्ती शर्मा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अनुभव और निरंतरता कितनी महत्वपूर्ण है। उनके इस प्रदर्शन ने टीम इंडिया को टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत दिलाई है।
महिला एशिया कप 2026 में भारत का अगला मुकाबला भी काफी महत्वपूर्ण होगा। दीप्ती शर्मा जैसे खिलाड़ी टीम की ताकत बढ़ाते हैं और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनते हैं।

