Site icon 4PILLAR

FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस जारी किया

FDA issued show-cause notices to Shah Rukh Khan, Ajay Devgn, and Tiger Shroff

FDA issues notice to Ajay Devgn and others: बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे इन दिनों एक विवादित विज्ञापन को लेकर मुसीबत में घिर गए हैं। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल इलायची के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। FDA को संदेह है कि विमल इलायची का यह विज्ञापन राज्य में प्रतिबंधित विमल पान मसाला को अप्रत्यक्ष रूप से यानी सरोगेट विज्ञापन के जरिए बढ़ावा दे रहा है।

नोटिस किसे और कहां भेजा गया

यह नोटिस इसी हफ्ते तीनों अभिनेताओं के मुंबई स्थित पतों पर भेजा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, FDA ने अजय देवगन के जुहू स्थित आवास, शाहरुख खान के बांद्रा स्थित मशहूर बंगले ‘मन्नत’ और टाइगर श्रॉफ की कंपनी ‘टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस LLP’ के पते पर नोटिस भेजा है।

FDA का आरोप क्या है ?

विभाग का कहना है कि विमल ब्रांड से जुड़ा एक विज्ञापन ऑनलाइन और अन्य मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार दिखाया जा रहा है, और इसमें इन तीनों एक्टर्स की मौजूदगी को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। FDA का आरोप है कि यह विज्ञापन प्रतिबंधित विमल पान मसाला का इनडायरेक्ट या सरोगेट प्रमोशन हो सकता है।

दरअसल सरोगेट एडवर्टाइजिंग वह तरीका है जिसमें कंपनियां प्रतिबंधित प्रोडक्ट (जैसे पान मसाला) को सीधे प्रमोट करने की बजाय उसी ब्रांड नाम से जुड़े किसी दूसरे, कानूनी रूप से बिकने वाले प्रोडक्ट (जैसे इलायची या माउथ फ्रेशनर) का विज्ञापन दिखाती हैं, ताकि ब्रांड की पहचान और याद बनी रहे।

कानूनी प्रावधान और संभावित जुर्माना

फूड सेफ्टी एक्ट के तहत डिपार्टमेंट ने अभिनेताओं से पूछा है कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत अगर विज्ञापन भ्रामक साबित होता है, तो 10 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। यानी अगर जांच में यह साबित हो जाता है कि विज्ञापन वाकई प्रतिबंधित पान मसाला का सरोगेट प्रमोशन है, तो न सिर्फ ब्रांड बल्कि इससे जुड़े सेलिब्रिटीज पर भी भारी जुर्माने की गाज गिर सकती है।

FDA की सख्ती की वजह

महाराष्ट्र FDA इन दिनों गुटखा और पान मसाला जैसे प्रतिबंधित उत्पादों के अवैध नेटवर्क पर सख्त रुख अपनाए हुए है। बताया जा रहा है कि पहले भी FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने अधिकारियों को पुलिस के साथ मिलकर संगठित गुटखा-पान मसाला नेटवर्क पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। यह ताजा नोटिस उसी बड़ी मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है, जिसमें राज्य सरकार खाद्य सुरक्षा कानूनों को और सख्ती से लागू करने की कोशिश कर रही है।

आगे क्या हो सकता है ?

फिलहाल तीनों अभिनेताओं या उनकी टीम की तरफ से इस नोटिस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ इस कारण बताओ नोटिस का जवाब कैसे देते हैं, और क्या वे भविष्य में इस तरह के सरोगेट विज्ञापनों से दूरी बनाएंगे। बॉलीवुड सेलिब्रिटीज द्वारा पान मसाला और गुटखा ब्रांड्स से जुड़े विज्ञापनों को लेकर यह विवाद कोई नई बात नहीं है — पहले भी कई बड़े सितारे ऐसे विज्ञापनों को लेकर आलोचनाओं के घेरे में आ चुके हैं।

Exit mobile version