
RSS Flag:आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देश हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है।
आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर स्थित संघ के मुख्यालय में राष्ट्र ध्वज तिरंगा फहराया है।
RSS Flag: आजादी की 75 वीं सालगिरह
पूरा देश आजादी की 75 वीं सालगिरह का जश्न मना रहा है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत देश भर में तिरंगा झंडा फहराया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराकर राष्ट्र को संबोधित किया है। इसी बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने महाराष्ट्र के नागपुर में आरएसएस मुख्यालय में तिरंगा झंडा फहराया है। डॉ मोहन भागवत ने तिरंगा झंडा फहराने के बाद इसे त्याग और बलिदान का प्रतीक बताया।
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए मोहन भागवत ने कहा ,” राष्ट्र ध्वज के शीर्षस्थ रंग को हम केसरिया कहते हैं। जो त्याग ,कर्म , प्रकाश और ज्ञान का प्रतीक है। हम पवित्र बनेंगे , हमारा मन विकारों से ग्रस्त नहीं होगा इसलिए दूसरा रंग सफेद है। सभी प्रकार की समृद्धि का हरा रंग लक्ष्मी जी का प्रतीक है। ”
संघ प्रमुख ने आगे कहा ,” यह हम सब धर्म का पालन करके ही यह कर सकते हैं। इसलिए ध्वज के केंद्र में अशोक चक्र है। इन बातों को समझकर हमें परिश्रम करना चाहिए। हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि मुझे क्या मिलेगा ? मैं अपने देश को क्या दे रहा हूँ , इसका विचार करके ही हमें अपना जीवन जीने की आवश्यकता है। ”
विपक्ष ने साधा था निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों से 13 से लेकर 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने की अपील की थी। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट की DP में तिरंगा झंडा की तस्वीर लगाई और सभी से अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स की डीपी में तिरंगा झंडा की तस्वीर लगाने का आग्रह किया था।
जिसके बाद विपक्षी दलों ने आरएसएस के आधिकारिक ट्वीटर अकाउंट पर भगवा झंडे को लेकर सवाल खड़े किए थे। हालांकि ,बाद में आरएसएस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट की डिस्पले पिक्चर में भगवा झंडे को बदलकर तिरंगा लगाया गया।