Site icon www.4pillar.news

मुंबई सीरियल ब्लास्ट के दोषी मोहम्मद अली की कोल्हापुर जेल में हत्या, कैदियों ने दिया वारदात को अंजाम

मुंबई सीरियल ब्लास्ट के दोषी मोहम्मद अली की कोल्हापुर जेल में हत्या, कैदियों ने दिया वारदात को अंजाम

1993 में मुंबई बम धमाकों के दोषी मोहम्मद अली की कोल्हापुर की कलाम्बा सेंट्रल जेल में कैदियों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी है। मुंबई पुलिस के अनुसार जेल में न्यायिक हिरासत पर आए पांच कैदियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।

वर्ष 1993 में मुंबई में बम धमाकों के दोषी मोहम्मद अली खान उर्फ़ भंवरलाल गुप्ता उर्फ़ मनोज कुमार की जेल में न्यायिक हिरासत पर आए पांच कैदियों ने बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी है। पुलिस के अनुसार कैदियों ने खान पर कंक्रीट से बने ड्रेनेज के ढक्कन से सिर पर हमला किया। घटना रविवार सुबह की है।

डीआईजी जेल स्वाति साथै ने बताया कि बाथरूम में नहाने को लेकर अन्य कैदियों के साथ हुई बहस के बाद 59 वर्षीय मोहम्मद अली खान पर हमला किया गया। विचाराधीन कैदियों ने नाली के ऊपर से लोहे की जाली उठाकर खान के सर पर मार दी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोहम्मद अली खान पर हमला करने वालों की पहचान दीपक नेताजी खोत, संदीप शंकर चौहान, विनायक ईमानदार, सौरभ, प्रतीक और सुरेश पाटिल के रूप में हुई है। कोल्हापुर पुलिस ने पांचों हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस की जांच में पता चला कि कैदियों और मोहम्मद अली खान के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। कोल्हापुर की कलाम्बा जेल में मुंबई बम धमाकों के चार दोषी सजा काट रहे हैं। खान की हत्या के बाद इन चारों दोषियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कहा जा रहा है कि इन चारों को किसी अन्य जेल में शिफ्ट किया जा सकता है। मोहम्मद अली खान को 2013 में कलाम्बा जेल में लाया गया था। उस पर आरोप थे कि उसने मुंबई से रायगढ़ तक आरडीएक्स और हथियार लाने में टाइगर मेनन की मदद की थी।

बता दे, 12 मार्च 1993 को हुई मुंबई बम धमाकों में 250 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। इस सीरियल ब्लास्ट में हजार से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस हमले का मास्टरमाइंड दाऊद इब्राहिम था। दाऊद फ़िलहाल पाकिस्तान और दुबई में रह रहा है।

Exit mobile version