मैट्रिमोनियल साइट पर 20 से ज्यादा महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगने वाले ठग को पुलिस ने उसी के जाल में फंसाकर किया गिरफ्तार

महाराष्ट्र पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो 20 से भी अधिक महिलाओं को अपना शिकार बना चूका था। ठग का नाम फिरोज नियाजी शेख है। आरोपी शादी का झांसा देकर महिलाओं से पैसे और गहने लुटता था।

पालघर जिले की नालासोपारा पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है जो महिलाओं को शादी का झांसा देकर ठगता था। वह 20 से अधिक महिलाओं को ठग चूका है। फिरोज नियाजी शेख नाम के आरोपी ने मैट्रिमोनियल साइट के जरिए महिलाओं को अपना निशाना बनाया। पीड़ित महिलाओं में से अधिकतर विधवा हैं।

आरोपी फिरोज पहले मैट्रिमोनियल साइट पर अपनी फर्जी आईडी बनाता था, उसके बाद महिलाओं से दोस्ती करता था और शादी का झांसा देकर ठगी को अंजाम देता था। नालासोपारा पुलिस स्टेशन के अधिकारी विजय सिंह बागल ने मीडिया को बताया कि आरोपी फिरोज ज्यादातर विधवा महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। वह इन महिलाओं से मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए मिलता था और ठगी को अंजाम देने के बाद गायब हो  जाता था।

पीड़ितों में से एक महिला ने नालासोपारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। चूँकि, पुलिस के पास आरोपी की कोई फोटो या फोन नंबर नहीं था। ऐसे में ठग को पकड़ना पुलिस के लिए एक चुनौती बन गया था। वह हर बार अपना मोबाइल नंबर भी बदल देता था। ऐसे में पुलिस ने ठग को उसी के अंदाज में गिरफ्तार करने की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए मैट्रिमोनियल साइट पर एक महिला की फर्जी प्रोफाइल बनाई और फिरोज से संपर्क किया।

पुलिस ने महिला की प्रोफाइल के जरिए चैटिंग कर आरोपी को मुलाकात के लिए कल्याण बुलाया। जैसे ही आरोपी कल्याण पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन लाख रुपए से अधिक की नकदी, महिलाओं के लुटे हुए एटीएम, सोने चांदी के गहने, छह मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया। आरोपी को सेशन कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से अदालत ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

4PN HINDI
Whatsapp Channel
Telegram channel

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *