DSP Surendra सिंह बिश्नोई की हत्या के मुख्य आरोपी गिरफ्तार

DSP सुरेंद्र सिंह बिश्नोई की हत्या के मुख्य आरोपी शब्बीर को हरियाणा पुलिस ने भरतपुर से किया गिरफ्तार

DSP Surendra: नूह में DSP सुरेंद्र सिंह बिश्नोई को डंपर कुचल कर मारने वाले आरोपी शब्बीर को हरियाणा पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की 10 टीमें लगी हुई थी। इससे पहले पुलिस अधिकारी की हत्या में शामिल उसी डंपर के क्लीनर इकरार को पुलिस ने एक एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

DSP Surendra: पकड़ा गया मुख्य आरोपी

हरियाणा के नूह में अवैध पत्थर खनन की जांच करने पहुंचे डीएसपी सुरेंद्र सिंह को डंपर चालक शब्बीर ने कुचल कर जान से मार दिया था। घटना मंगलवार देर रात की है। वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रक ड्राइवर शब्बीर फरार हो गया था। हालांकि घटना के कुछ ही घंटे बाद हरियाणा पुलिस ने डंपर के क्लीनर इकरार को एक एन्काउंटर के बाद अरेस्ट कर लिया था। जिसके बाद मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की 10 टीमों ने जिले के कई गांवों में तलाशी अभियान चलाया।

भरतपुर से हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, नूह ने बताया ,” डीएसपी सुरेंद्र सिंह हत्या मामले में मुख्य आरोपी शब्बीर को भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की 10 टीमें लगी हुई थी। हमने 30 से अधिक जगहों पर छापेमारी की। सभी जगहों से इनपुट मिल रहे थे , उसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। ”

एसपी सिंगला ने दी यह जानकारी

पुलिस अधिकारी वरुण सिंगला ने बताया ,” पुलिस इस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। आज मुख्य आरोपी शब्बीर को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। रिमांड मिलने के बाद इस मामले में पुलिस को अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिलेगी। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद अवैध खनन मामले से जुड़े गिरोह के नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। ”

इस तरह दिया था वारदात को अंजाम

हरियाणा पुलिस के अनुसार, तावडू के डीएसपी सुरेंद्र सिंह बिश्नोई ने एक डंपर को रुकने का इशारा किया था। चालक ने रुकने की बजाय वाहन की स्पीड बढ़ा दी और बिश्नोई को कुचल डाला। डीएसपी के साथ गई टीम के सदस्यों ने डंपर के चपेट में आने से बचने के लिए सड़क के किनारे से कूद कर अपनी जान बचाई लेकिन सुरेंद्र सिंह वाहन की चपेट में आ गए। पुलिस अधिकारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Comments are closed.

Scroll to Top